बिलासपुर में अम्हा तालाब बना काल: नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद खुलेंगे राज

Social Activity BSP

तारीख: 01 मार्च 2026
बिलासपुर (Social Activity BSP)।

बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित खमतराई इलाके में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। अम्हा तालाब में नहाने के दौरान दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। घटना सुनसान और जंगलनुमा क्षेत्र में होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भी शुरुआती दिक्कतें आईं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान हिमांशु चहाण्डे (21 वर्ष), पिता हरीश चहाण्डे, निवासी बंधवापारा सरकंडा और शिवम मानिकपुरी (20 वर्ष), पिता श्रवण दास मानिकपुरी, निवासी देवरी खुर्द थाना तोरवा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक अपने पांच अन्य दोस्तों के साथ तालाब किनारे पार्टी मनाने पहुंचे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पार्टी के बाद सभी दोस्त तालाब में नहाने के लिए उतरे। कुछ देर तक सब सामान्य रहा, लेकिन अचानक हिमांशु और शिवम गहरे पानी की ओर चले गए और देखते ही देखते पानी में समा गए। साथियों ने उन्हें ढूंढने की कोशिश की, लेकिन जब सफलता नहीं मिली तो तुरंत 112 पर सूचना दी गई और परिजनों को भी खबर दी गई।

घटनास्थल शहर के आखिरी छोर पर स्थित है, जहां मोबाइल नेटवर्क कमजोर होने के कारण एसडीआरएफ टीम को लोकेशन ट्रेस करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ के मेजर ध्रुव कुमार साहू ने सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य से समन्वय कर सटीक जानकारी ली और टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पहले से मौजूद पुलिस टीम और स्थानीय लोगों ने प्राथमिक खोजबीन शुरू कर दी थी। एसडीआरएफ के पहुंचते ही रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर चलाया गया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव तालाब से बाहर निकाले गए। यह दृश्य देख मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए मरच्युरी भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मामला महज हादसा है या इसमें कोई और एंगल है। फिलहाल पुलिस पांचों दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और हर पहलू की जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने अम्हा तालाब में सुरक्षा व्यवस्था की कमी पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि तालाब के आसपास न तो चेतावनी बोर्ड लगे हैं और न ही कोई सुरक्षा घेरा बनाया गया है। इससे पहले भी यहां सुरक्षा को लेकर सवाल उठते रहे हैं।

यह हादसा एक बार फिर चेतावनी देता है कि सुनसान और गहरे जलाशयों में बिना सुरक्षा इंतजाम के नहाना जानलेवा साबित हो सकता है।

फिलहाल पूरे इलाके में शोक का माहौल है और दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। मामले की जांच जारी है।

Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post