Social Activity BSP
बिलासपुर(Social Activity BSP)। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (आईपीएस) ने शुक्रवार को पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों के टर्न आउट, स्क्वाड ड्रिल, मार्चपास्ट और बलवा ड्रिल का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान परेड में शामिल सभी अधिकारियों और जवानों के टर्न आउट की जांच की गई। उत्कृष्ट टर्न आउट और बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया, जबकि लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को दंडित भी किया गया। परेड में स्क्वाड ड्रिल, सलामी शस्त्र, शस्त्र अभ्यास, दिशा परिवर्तन, बलवा ड्रिल और फायरिंग अभ्यास भी कराया गया।
परेड में कुल 326 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए, जिनमें 11 राजपत्रित अधिकारी, 17 निरीक्षक, 16 उप निरीक्षक, 16 सहायक उप निरीक्षक, 42 प्रधान आरक्षक, 178 आरक्षक और 46 महिला आरक्षक शामिल रहे।
परेड के बाद डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह ने पुलिस सम्मेलन आयोजित कर अधिकारियों और कर्मचारियों से सीधे संवाद किया। इस दौरान जवानों की स्वास्थ्य, स्थानांतरण, वेतन, सेवा और आवास से जुड़ी समस्याएं सुनी गईं तथा उनके त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। पुलिस फैमिली क्वार्टर में पानी की समस्या को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
सम्मेलन में पुलिस मुख्यालय और रेंज मुख्यालय के निर्देशों की जानकारी देते हुए अधिकारियों को मोबाइल पेट्रोलिंग, सामुदायिक पुलिसिंग, महिला एवं बाल सुरक्षा और नशे के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही बीट प्रणाली को प्रभावी तरीके से संचालित करने और आम लोगों के साथ संपर्क बढ़ाने पर जोर दिया गया, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा की भावना मजबूत हो सके।
डीआईजी ने बताया कि ‘अनुभव एप’ और ‘सशक्त एप’ के माध्यम से चोरी के 20 से अधिक वाहनों की बरामदगी की जा चुकी है और भविष्य में भी इन माध्यमों से अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का भी जायजा लिया गया और संसाधनों के रखरखाव, मरम्मत और बेहतर उपयोग के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला पुलिस को आधुनिक और संसाधनयुक्त बनाने के लिए बलवा नियंत्रण सामग्री, फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इसके अलावा जिले में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 16 बोलेरो वाहन, दो मध्यम मालवाहक ट्रक और एक बस उपलब्ध कराई गई है। वहीं पुलिस कर्मियों के लिए 108 नए आवास भी स्वीकृत किए गए हैं, जिनका निर्माण जल्द पूरा कर कर्मचारियों को उपलब्ध कराया जाएगा।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद

.jpeg)

