ऑपरेशन प्रहार: ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़, हमीद अंसारी समेत तीन गिरफ्तार

Social Activity BSP

बिलासपुर, 28 फरवरी(Social Activity BSP)। शहर में बढ़ते नशे के कारोबार के खिलाफ सकरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत ब्राउन शुगर तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में हमीद अंसारी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से ब्राउन शुगर, गांजा, चिलम, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री जब्त की है।

थाना प्रभारी विजय कुमार चौधरी ने बताया कि 27 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तैयबा चौक तालापारा निवासी हमीद अंसारी (33 वर्ष) आसमा सिटी मेण्ड्रा रोड क्षेत्र में ब्राउन शुगर की पुड़िया लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 840 मिलीग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पूछताछ में हमीद अंसारी ने खुलासा किया कि वह अपने सहयोगियों अमन तिवारी (24 वर्ष), निवासी अभिषेक नगर मंगला, और ईशांत सिंह मंडलोई (24 वर्ष), निवासी रामा लाइफ कॉलोनी सकरी के साथ मिलकर प्रयागराज से ब्राउन शुगर और गांजा मंगवाता था। नशीले पदार्थों को ईशांत के घर में छिपाकर रखा जाता था, जहां से शहर में सप्लाई की जाती थी।

पुलिस ने ईशांत सिंह मंडलोई के रामा लाइफ सिटी स्थित मकान में दबिश देकर 25 ग्राम गांजा, 4 चिलम और 2 लाइटर जब्त किए। साथ ही अमन तिवारी को भी हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।

जांच में यह भी सामने आया कि ईशांत सिंह मंडलोई पहले भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुका है। वह हाल ही में चर्चित थार कांड में आरोपी रहा है और आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post