Social Activity BSP
बिलासपुर, 11 मार्च 2026(Social Activity BSP)। कलेक्टर संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें टक्कर मारकर भागने (हिट एंड रन) से हुई सड़क दुर्घटनाओं में मृत व्यक्तियों के मामलों की समीक्षा की गई। बैठक में चार प्रकरणों में पीड़ित परिवारों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने की अनुशंसा की गई।
बैठक में प्रस्तुत मामलों के अनुसार सीपत तहसील के ग्राम सोठी की सतरूपा बाई, बोदरी तहसील के ग्राम सरगांव निवासी संतोष कुमार वर्मा, कोटा तहसील के ग्राम देवरी कला निवासी कुसुम बाई मेहरा तथा बिल्हा तहसील के ग्राम मोहदा की राजेश्वरी पटेल के निकट संबंधियों की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने के प्रकरण समिति के समक्ष प्रस्तुत किए गए।
सभी मामलों की जांच और परीक्षण के बाद समिति ने प्रत्येक पीड़ित परिवार को 2 लाख रुपये की सहायता राशि देने की अनुशंसा की।
बैठक में समिति के सदस्य के रूप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, एडीएम शिव कुमार बनर्जी, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जीव धरणी फाउंडेशन के अध्यक्ष विकास चंद्र वर्मा तथा न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि हिट एंड रन मोटर दुर्घटनाओं के पीड़ितों को मृत्यु की स्थिति में 2 लाख रुपये तथा गंभीर रूप से घायल होने की स्थिति में 50 हजार रुपये की क्षतिपूर्ति राशि प्रदान करने का प्रावधान किया गया है। यह व्यवस्था 1 अप्रैल 2022 से लागू है।
कलेक्टर ने समिति के सदस्यों और जनप्रतिनिधियों से योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने और पात्र हितग्राहियों को इसका लाभ दिलाने में सहयोग करने की अपील की है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद

.jpeg)

