एलपीजी आपूर्ति को लेकर कलेक्टर की समीक्षा, बोले—पैनिक में न आएं, जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता

Social Activity BSP

बिलासपुर, 11 मार्च 2026(Social Activity BSP)। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और ईरान युद्ध के प्रभाव को देखते हुए जिले में घरेलू एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने खाद्य विभाग के अधिकारियों और गैस वितरकों की बैठक लेकर व्यवस्था की समीक्षा की।

बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि जिले में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए आम उपभोक्ताओं को घबराने या पैनिक में आकर गैस सिलेंडरों का अनावश्यक भंडारण करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए होटल और उद्योगों में व्यवसायिक उपयोग के लिए दिए जाने वाले गैस सिलेंडरों की आपूर्ति फिलहाल बंद कर दी गई है। हालांकि अस्पतालों और स्कूलों को उनकी आवश्यकता के अनुसार गैस उपलब्ध कराई जा रही है।

कलेक्टर ने गैस एजेंसी संचालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का किसी भी प्रकार से व्यवसायिक उपयोग नहीं होने देना चाहिए। वितरण व्यवस्था की निगरानी स्वयं एजेंसी संचालक करें और इसे केवल कर्मचारियों के भरोसे न छोड़ें। साथ ही किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को सिलेंडर देने या ब्लैक मार्केटिंग जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में घरेलू गैस के लगभग 4.80 लाख कनेक्शन हैं। तीन ऑयल कंपनियों के 38 गैस वितरकों के माध्यम से उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिनमें से 22 वितरक बिलासपुर शहर में संचालित हैं। वर्तमान में जिले में प्रतिदिन लगभग 5 हजार गैस सिलेंडरों की डिलीवरी की जा रही है और पिछले 10 दिनों से इसी दर से आपूर्ति जारी है।

इसके साथ ही गैस सिलेंडर की बुकिंग अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है। गैस वितरक संघ ने शहर में लागू नो-एंट्री प्रतिबंध से राहत देने की मांग भी रखी, जिस पर कलेक्टर ने सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।

बैठक में खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर, एएफओ राजीव लोचन तिवारी, कंपनी के नोडल अधिकारी हेम प्रकाश साहू, गैस वितरक संघ के जिला अध्यक्ष सुभाष जायसवाल सहित जिले के सभी गैस वितरक उपस्थित थे।

कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर गैस सिलेंडरों का अनावश्यक भंडारण न करें। जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।

Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post