Social Activity BSP
बिलासपुर, 18 मार्च 2026। जिले में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर के मधुबन और दयालबंद क्षेत्र में मुक्तिधाम के पास छापेमारी कर भारी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर और संबंधित उपकरण जब्त किए गए।
जांच के दौरान टीम ने 14.2 किलोग्राम के 100 सिलेंडर और 5 किलोग्राम के 263 सिलेंडर समेत चूल्हा बर्नर, रेगुलेटर, प्रेशर वाल्व और अन्य उपकरण बरामद किए। यह सामग्री अवैध रूप से भंडारित कर कालाबाजारी के उद्देश्य से रखी गई थी। मौके पर ही सभी सामान जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
खाद्य विभाग ने बताया कि जिले में एलपीजी वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए अभियान लगातार जारी है। अब तक 8 मामलों में 310 से अधिक सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं, जिससे अवैध कारोबारियों में हड़कंप है।
खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने कहा कि जिले की सभी 35 गैस एजेंसियों में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि घबराएं नहीं और नियमानुसार बुकिंग कर निर्धारित दर पर ही सिलेंडर प्राप्त करें।
साथ ही विभाग ने चेतावनी दी है कि कालाबाजारी या अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि ऐसी किसी गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद

.jpeg)

