Social Activity BSP
बिलासपुर 3 March (Social Activity BSP)। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए बिलासपुर में नो एंट्री नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। शहर के सभी प्रमुख एंट्री प्वाइंट पर यातायात विभाग की लगातार निगरानी जारी है। निर्धारित समय के अतिरिक्त शहर में प्रवेश करने वाले अनाधिकृत भारी वाहनों पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को विशेष परिस्थितियों में छूट दी गई है, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत चावल और मंडियों से धान परिवहन करने वाले ट्रकों को सीमित और निर्धारित अनुमति के साथ प्रवेश दिया जा रहा है, जिससे खाद्यान्न आपूर्ति प्रभावित न हो।
इसके अलावा नगर निगम बिलासपुर, Public Works Department, Public Health Engineering Department तथा Indian Railways द्वारा शहर में चल रहे निर्माण और विकास कार्यों के कारण कुछ वाहनों को समय-समय पर रेत, गिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री के परिवहन की अनुमति दी गई है।
जनहित से जुड़ी अनिवार्य सेवाओं जैसे गैस सप्लाई, दूध वितरण, दवाइयों की आपूर्ति, फायर ब्रिगेड और पेयजल टैंकरों को भी नो एंट्री प्रतिबंध से विशेष छूट प्रदान की गई है, ताकि शहरवासियों को जरूरी सुविधाएं निर्बाध रूप से मिलती रहें।
अधिकारियों ने साफ किया है कि इन अधिकृत वाहनों के अतिरिक्त यदि कोई अन्य भारी वाहन प्रतिबंधित समय में शहर में प्रवेश करता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नो एंट्री नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। यातायात विभाग के अधिकारी और कर्मचारी बढ़ते ट्रैफिक दबाव के बीच हर परिस्थिति में मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
यातायात विभाग ने आम नागरिकों और मीडिया से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अपुष्ट या भ्रामक जानकारी प्रसारित करने से पहले अधिकृत स्रोत से पुष्टि अवश्य करें, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के प्रयासों में सहयोग मिल सके।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद

.jpeg)

