Social Activity BSP
बिलासपुर(Social Activity BSP)। पश्चिम एशिया में उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए बिलासपुर संभाग में प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशों के तहत संभागीय कमिश्नर सुनील जैन और आईजी रामगोपाल गर्ग ने मंथन सभाकक्ष में समीक्षा बैठक लेकर कलेक्टर, एसपी और तेल कंपनियों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी गैस, उर्वरक और अन्य जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पूरे संभाग में इन वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति न बनने दी जाए।
प्रशासन ने अफवाहों पर सख्त नियंत्रण रखने के निर्देश देते हुए कहा कि आम लोगों तक सही और तथ्यात्मक जानकारी समय पर पहुंचाई जाए। सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों की निगरानी कर उनका तत्काल खंडन करने के निर्देश भी दिए गए।
📞 कंट्रोल रूम रहेगा सक्रिय
राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम नंबर 1800-233-3663 के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी जिलों में कंट्रोल रूम को सक्रिय रखते हुए शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया है।
⚠️ कालाबाजारी पर सख्ती
कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि पेट्रोल, डीजल, गैस सिलेंडर सहित आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी या जमाखोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों के स्टॉक की नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं।
🌾 किसानों और जरूरी सेवाओं पर फोकस
उर्वरकों की जमाखोरी रोकने और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं अस्पताल, छात्रावास, रेलवे और अन्य आवश्यक सेवाओं में ईंधन और गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
🚧 सीमावर्ती इलाकों में बढ़ी निगरानी
आईजी ने सीमावर्ती चेक पोस्टों पर सतर्कता बढ़ाने और ईंधन के अवैध परिवहन व बिक्री पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
तेल कंपनियों के अधिकारियों ने बैठक में बताया कि फिलहाल संभाग में पेट्रोलियम उत्पादों और गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
.jpeg)

