Social Activity BSP
बिलासपुर(Social Activity BSP)। सकरी थाना क्षेत्र के लोखड़ी रामघाट के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक अधेड़ राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार में आग लगने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, स्विफ्ट डिजायर कार ने पैदल जा रहे लक्ष्मण केवट (60 वर्ष) को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। वहीं कार में आग लगने की घटना सामने आई है, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हालांकि, तोड़फोड़ और आगजनी को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी के अनुसार, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके। यदि तोड़फोड़ या आगजनी में किसी की संलिप्तता पाई जाती है, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने फरार चालक की तलाश तेज कर दी है और मामले की जांच जारी है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
.jpeg)

