बिलासपुर यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 711 नशे में वाहन चलाने वाले चालकों पर केस, होली पर विशेष निगरानी

Social Activity BSP

बिलासपुर, 03 मार्च 2026(Social Activity BSP)। होली पर्व को देखते हुए बिलासपुर यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

यातायात पुलिस द्वारा जनवरी माह से अब तक शराब सेवन कर नशे की हालत में वाहन चलाने वाले 711 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है। सभी मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है, जहां आरोपियों पर अर्थदंड अधिरोपित किया गया है।

इसके अलावा बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने, तेज एवं लापरवाहीपूर्वक ड्राइविंग, ट्रिपल सवारी, गलत दिशा में वाहन संचालन, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाने तथा खतरनाक तरीके से वाहन संचालन करने वालों पर भी लगातार चालानी कार्रवाई की जा रही है। आईटीएमएस के माध्यम से ऑनलाइन चालान जारी कर नियम उल्लंघनकर्ताओं से समन शुल्क वसूला जा रहा है।

सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा में पाया गया है कि शाम 6 बजे से रात 12 बजे के बीच सर्वाधिक दुर्घटनाएं होती हैं। इसे ध्यान में रखते हुए इस समयावधि में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।

होली पर्व के मद्देनजर शहर के विभिन्न स्थानों पर स्टॉपर एवं चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए गए हैं। रैश ड्राइविंग, स्टंटिंग, हुल्लड़बाजी, नशे में वाहन संचालन, मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेसर हॉर्न और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली का पर्व शांति, सौहार्द और संयम के साथ मनाएं तथा वाहन चलाते समय सभी यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post