सड़क दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट का यातायात पुलिस ने किया निरीक्षण, तकनीकी सुधार के निर्देश

Social Activity BSP

बिलासपुर, 10 मार्च 2026।
जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और रोकथाम के उद्देश्य से यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा विभिन्न दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) का संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस दौरान संबंधित विभागों के नोडल अधिकारियों के साथ मिलकर दुर्घटना जन्य स्थानों का अवलोकन कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए तकनीकी सुधार के निर्देश दिए गए।

उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर लगातार कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिले के कई संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर दुर्घटनाओं के कारणों की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान थाना तखतपुर क्षेत्र के ग्राम खपरी स्थित दैजा-बीजा मोड़, चौकी जूनापारा अंतर्गत ग्राम धौरा कछार, थाना कोटा क्षेत्र का अमने मोड़ तथा चौकी बेलगहना और केंदा पुलिस सहायता केंद्र क्षेत्र में स्थित दुर्घटना संभावित स्थलों का अवलोकन किया गया। इन स्थानों पर सड़क सुरक्षा के मानकों के अनुरूप आवश्यक इंजीनियरिंग एवं तकनीकी सुधार के लिए संबंधित विभागों को प्रतिवेदन भेजा गया है।

यातायात पुलिस ने लोक निर्माण विभाग, नेशनल हाईवे तथा ग्रामीण सड़क योजना से जुड़े अधिकारियों के साथ मिलकर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा उपायों को शीघ्र लागू करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक उपायों जैसे पर्याप्त लाइट व्यवस्था, सूचना एवं गति सीमा बोर्ड, अंधे मोड़ों के संकेतक, रेडियम रिफ्लेक्टर, रंबल स्ट्रिप, कैट आई, मल्टीपल ब्रेकर, ब्लिंकर और सुरक्षा पोलार्ड लगाने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा संकीर्ण सड़कों और चौक-चौराहों को चौड़ा करने, अतिक्रमण हटाने तथा सड़क किनारे पेड़ों की छंटाई जैसे कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानी बरतें तथा यातायात नियमों और अनुशासन का पूर्ण पालन करें, ताकि सड़क हादसों को रोका जा सके।

इस दौरान यातायात पुलिस बिलासपुर के अधिकारी-कर्मचारी, संबंधित थाना प्रभारी तथा विभिन्न विभागों के सड़क सुरक्षा से जुड़े नोडल अधिकारी भी उपस्थित रहे।




Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post