राज्यपाल रमेन डेका पहुंचे बैगा-बिरहोर आदिवासियों के गांव, योजनाओं का लिया जायजा; आर्चरी खिलाड़ियों को 5-5 हजार देने की घोषणा

Social Activity BSP

बिलासपुर, 05 मार्च 2026(Social Activity BSP)। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान कोटा विकासखंड के शिवतराई गांव पहुंचकर बैगा और बिरहोर जनजाति के लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनकी जीवनशैली, पारंपरिक संस्कृति और शासन की योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली।

राज्यपाल ने इस अवसर पर आर्चरी खेल से जुड़े युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए प्रत्येक खिलाड़ी को 5-5 हजार रुपये देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों को रायपुर स्थित लोकभवन आने का निमंत्रण दिया और कलेक्टर को उनके आवागमन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने करका की लखपति दीदी प्रमिला बैगा से भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि वे गोंदा स्व-सहायता समूह से जुड़ी हैं। समूह की सदस्य रश्मि मरावी ने जानकारी दी कि समूह द्वारा सिलाई कार्य, अचार-पापड़ निर्माण सहित विभिन्न आजीविका गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा बैगा महिलाएं बांस से कई उपयोगी उत्पाद भी तैयार कर रही हैं।

राज्यपाल ने ग्रामीणों से आयुष्मान कार्ड, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन और पीएम जनमन योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में भी जानकारी ली। औरापानी की मंगली ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है, जबकि शिवतराई की ममता खुसरो ने बताया कि उन्हें आयुष्मान कार्ड और महतारी वंदन योजना दोनों का लाभ मिल रहा है। उन्होंने आयुष्मान कार्ड के माध्यम से अपना अल्सर का ऑपरेशन भी कराया है।

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि बैगा और बिरहोर समाज की समृद्ध संस्कृति और परंपराएं उनकी पहचान हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपनी परंपराओं और संस्कृति को सहेजकर रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखना भी उतना ही आवश्यक है।

उन्होंने बांस से उत्पाद और पारंपरिक आभूषण बनाने के लिए प्रशिक्षकों की व्यवस्था कराने की भी बात कही तथा बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने पर जोर दिया।

इस दौरान सरपंच ने बताया कि पीएम जनमन योजना के तहत क्षेत्र में 265 आवास स्वीकृत किए गए हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जानकारी दी कि जिले में पीवीटीजी समुदाय के लगभग 6400 लोग 54 बसाहटों में निवासरत हैं। पीएम जनमन योजना के तहत करीब 900 आवास स्वीकृत किए गए हैं और 21 सड़कों का निर्माण किया गया है। टाटीधार में बहुद्देशीय केंद्र भी बनाया गया है।

उन्होंने बताया कि पीवीटीजी बसाहटों में तीन मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण और दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।

राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीएम जनमन योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाए और नियमित रूप से मेडिकल कैंप आयोजित किए जाएं। उन्होंने टीबी मरीजों के पोषण के लिए उन्हें गोद लेने की पहल को भी प्रोत्साहित किया। साथ ही कहा कि मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों के उपचार के लिए एम्स में व्यवस्था की जाएगी।

कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल ने बैगा समाज के लोगों को होली पर्व की शुभकामनाएं दीं और उन्हें उपहार भी प्रदान किए। बैगा समाज के प्रमुख लुमन सिंह बैगा ने पलाश के फूलों की माला पहनाकर राज्यपाल का स्वागत किया, वहीं बैगा महिलाओं ने पारंपरिक खुमरी पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर एसएसपी रजनेश सिंह, सीसीएफ मनोज पांडे, एडीएम शिव कुमार बनर्जी सहित बड़ी संख्या में बैगा आदिवासी समाज के लोग, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post