Social Activity BSP
जगदलपुर, 08 मार्च (Social Activity BSP)। जगदलपुर शहर में खंडहर भवन से लोहे के सामान और हैमर मशीन चोरी करने वाले एक आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 30 हजार रुपये कीमत की हैमर मशीन और लोहे के रॉड बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुभाष वार्ड निवासी पंकज भाटिया ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 मार्च 2026 की रात पुरातत्व संग्रहालय के सामने स्थित स्वर्गीय गंगाधर दुबे के पुराने राज टाकीज के खंडहर भवन से दीवार तोड़ने वाली हैमर मशीन, लोहे का शटर, दरवाजा, खिड़की, घन और लोहे के रॉड अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कालीपुर अटल आवास निवासी वेलू शेट्टी (30) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने निर्माणाधीन बस्तर विश्वविद्यालय के सामने सड़क किनारे रपटा पुलिया के पास छिपाकर रखी हैमर मशीन और लोहे के कुछ रॉड बरामद किए। जब्त सामान की कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी वेलू शेट्टी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं इस मामले में शामिल एक विधि संघर्षरत बालिका को भी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद

.jpeg)

