Social Activity BSP
बिलासपुर(Social Activity BSP)। जिले के तखतपुर विधानसभा अंतर्गत सकरी तहसील के घानापार–मंगला मार्ग पर शासकीय भूमि पर पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। इस घटना में ग्राम जोंकी पंचायत के सरपंच गया साहू और उपसरपंच अशोक यादव पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, शासकीय जमीन पर खड़े बबूल सहित अन्य पेड़ों की अंधाधुंध कटाई की जा रही थी। ग्रामीणों की सतर्कता के चलते इस मामले का खुलासा हुआ। ग्रामीणों और पंचों ने मौके पर निगरानी रखी और कटी हुई लकड़ियों से भरे एक ट्रैक्टर को पकड़ लिया।
ट्रैक्टर चालक ने पूछताछ में बताया कि उसे सरपंच और उपसरपंच के कहने पर लकड़ी ले जाने के लिए कहा गया था।
सूचना मिलते ही वन विभाग और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर सहित लकड़ी को जब्त कर लिया। मामले में जांच शुरू कर दी गई है, जिससे पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब पूरे क्षेत्र की नजर जांच पर टिकी हुई है कि आरोपियों पर कार्रवाई होती है या मामला दबा दिया जाता है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
.jpeg)

