पुराना बस स्टैंड में चाकू से हमला: आरोपी गिरफ्तार, हथियार जब्त कर भेजा गया जेल
bySheikh Sarfaraz Ahamad
-
0
बिलासपुर (Social Activity BSP)। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना पुराना बस स्टैंड इलाके की बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुजीत पाण्डेय ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 अप्रैल 2026 को आरोपी अनुराग कश्यप ने पुरानी रंजिश के चलते उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की। इस दौरान आरोपी ने चाकू लेकर उसे दौड़ाया, जिससे जान बचाने के लिए वह भागकर अपने घर पहुंचा।
इतना ही नहीं, आरोपी उसके घर तक पहुंच गया और दरवाजे पर लात मारकर तोड़फोड़ की। आरोपी ने हाथ में रखी हथौड़ी से प्रार्थी की बुलेट मोटरसाइकिल (CG10HB9686) को भी नुकसान पहुंचाया और मौके से फरार हो गया।
मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 216/26 के तहत धारा 296, 351(2), 333, 324(4) बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अनुराग कश्यप (21 वर्ष) को उसके घर से दबिश देकर गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू और हथौड़ी को जब्त कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि बिलासपुर पुलिस शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने के लिए लगातार सक्रिय है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद