बिलासपुर में बदमाशों पर पुलिस की सख्ती: 146 की चेकिंग, 15 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, 3 वारंट तामील
bySheikh Sarfaraz Ahamad
-
0
बिलासपुर (Social Activity BSP)। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने गुंडा एवं निगरानी बदमाशों के खिलाफ सघन अभियान चलाया। पुलिस उपमहानिरीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर चेकिंग और सत्यापन की कार्रवाई की गई।
इस अभियान के तहत कुल 146 गुंडा बदमाशों को थानों में तलब कर उनकी गहन जांच की गई, जबकि 34 निगरानी बदमाशों का विस्तृत सत्यापन किया गया। पुलिस ने इन व्यक्तियों की वर्तमान गतिविधियों, आवागमन, संपर्कों और आय के स्रोतों की बारीकी से जांच की, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त न हों।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पुराने मामलों की भी समीक्षा की और यह जांचा कि संबंधित आरोपी समय पर न्यायालय में पेश हो रहे हैं या नहीं। साथ ही उनके खिलाफ कोई वारंट लंबित है या नहीं, इस पर भी नजर रखी गई।
पुलिस ने सभी बदमाशों को सख्त चेतावनी दी है कि वे भविष्य में किसी भी प्रकार के अपराध से दूर रहें, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर उनकी जमानत निरस्त कराने के लिए न्यायालय में आवेदन भी प्रस्तुत किया जाएगा।
अभियान के दौरान 15 मामलों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126, 129 और 135 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, वहीं 3 वारंट तामील किए गए। जो बदमाश चेकिंग के दौरान अनुपस्थित पाए गए हैं, उनकी तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस द्वारा संदिग्ध प्रवृत्ति के व्यक्तियों को चिन्हित कर उन पर लगातार नजर रखी जा रही है। इस कार्रवाई से साफ है कि बिलासपुर पुलिस जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद