Social Activity BSP
बिलासपुर(Social Activity BSP)। कोटा थाना पुलिस ने शासकीय राशि के गबन के मामले में फरार चल रहे शिक्षा विभाग के एक कर्मचारी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पर करीब 29 लाख रुपए से अधिक की सरकारी राशि के गबन का आरोप है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवेंद्र कुमार पालके (38 वर्ष), निवासी धरमपुरा वार्ड क्रमांक 14, करगी रोड कोटा के रूप में हुई है। मामले में आरोपी नवल सिंह पैकरा (लेखपाल/सहायक ग्रेड-02) सहित दोनों पर शासकीय पद पर रहते हुए वेतन में हेरफेर कर सितंबर 2024 से नवंबर 2025 के बीच कुल ₹29,62,222 की राशि का गबन करने का आरोप है।
प्रार्थी नरेंद्र प्रसाद मिश्रा की शिकायत पर कोटा थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी तथा साइबर सेल की मदद से मोबाइल लोकेशन के आधार पर निगरानी रखी जा रही थी।
इसी दौरान आरोपी देवेंद्र कुमार पालके के संबंध में सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में टीम गठित कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी नवल सिंह पैकरा की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में निरीक्षक नरेश चौहान, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव एवं आरक्षक धर्मेंद्र साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
.jpeg)

