Social Activity BSP
रायगढ़ (Social Activity BSP) | रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता से एटीएम चोरी की एक बड़ी वारदात होने से पहले ही नाकाम कर दी गई। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को एटीएम मशीन तोड़ते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया, जिससे लाखों रुपये की संभावित चोरी टल गई।
घटना 28 अप्रैल की देर रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। पुलिस को गेरवानी चौक स्थित इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के एटीएम के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के निर्देशन में गश्त कर रही टीम मौके पर पहुंची। वहां आरोपी गैस कटर की मदद से एटीएम मशीन को काटकर नगदी निकालने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी पंकज कुमार पासवान (29 वर्ष) को पकड़ लिया। आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया जा रहा गैस कटर भी बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले प्लांट में वेल्डिंग का काम करता था और व्यवसाय में नुकसान व कर्ज के दबाव के चलते उसने इस वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी।
इस घटना में एटीएम मशीन को लगभग 3.5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। मामले में इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी दीपक दास महंत की शिकायत पर थाना पूंजीपथरा में अपराध दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस की इस साहसिक कार्रवाई की सराहना करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने टीम की प्रशंसा की और उत्कृष्ट कार्य के लिए आरक्षक चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत और नरेंद्र कुमार पैकरा को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

