Social Activity BSP
रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन अंकुश” के तहत ऑनलाइन और ऑफलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए जूटमिल क्षेत्र से एक सटोरिये को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई साइबर थाना और जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि कैदीमुड़ा ओवरब्रिज के पास आम गली में एक युवक आईपीएल मैच के दौरान मोबाइल के जरिए सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी अनुराग यादव (26 वर्ष), निवासी ट्रांसपोर्ट नगर जूटमिल को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से सट्टा पट्टी, नथिंग कंपनी का मोबाइल फोन, 900 रुपये नगद और डॉट पेन बरामद किया गया। मोबाइल की जांच में winx66.com आईडी के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन के साक्ष्य मिले, जिसके आधार पर जब्ती पंचनामा तैयार कर सामग्री को जब्त किया गया।
आरोपी के खिलाफ थाना जूटमिल में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन अंकुश” के तहत जिले में अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि आईपीएल की आड़ में सट्टा चलाने वालों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी और ऐसे अवैध कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

