Social Activity BSP
रायगढ़(Social Activity BSP)। नौकरी दिलाने के नाम पर महिला और नाबालिग को झांसे में लेकर छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे महिला सुरक्षा अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 15 वर्षीय नाबालिग ने 24 अप्रैल को थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी भाभी को एक अज्ञात युवक ने मोबाइल पर कॉल कर अपना नाम “विजय” बताते हुए रायगढ़ में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने मिलने के लिए बुलाया और बाद में दोनों को अपनी कार में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले गया।
आरोप है कि आरोपी ने पहले महिला के साथ छेड़छाड़ की और विरोध करने पर नाबालिग के साथ भी जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान सुरेन्द्र बेहरा (34 वर्ष), निवासी ग्राम रायकेरा के रूप में की। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को उसकी कार सहित गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िताओं द्वारा आरोपी की शिनाख्त के बाद पुलिस ने उससे घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और कार जब्त कर ली। पूछताछ में आरोपी ने फर्जी नाम से नौकरी का झांसा देकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

