Social Activity BSP
रायगढ़ (Social Activity BSP) | रायगढ़ जिले में “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में भूपदेवपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गौवंश तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। कार्रवाई के दौरान तस्कर स्कार्पियो वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28-29 अप्रैल की रात रात्रि गश्त के दौरान ग्राम कछार क्षेत्र में एक लाल रंग की स्कार्पियो में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घेराबंदी की गई।
पुलिस और डायल 112 की टीम को देखकर तस्कर वाहन लेकर भागने लगे, लेकिन खेत की मेड़ में वाहन फंस गया, जिसके बाद आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर वाहन क्रमांक OR-02 BL-2698 की तलाशी ली, जिसमें दो गौवंश बंधे हुए और अमानवीय स्थिति में पाए गए। पुलिस ने दोनों पशुओं को सुरक्षित मुक्त कराया।
इसके अलावा मौके से एक रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तस्करों ने वाहन में फर्जी नंबर प्लेट लगाई थी। पुलिस अब इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
इस मामले में थाना भूपदेवपुर में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 4, 6 और 11 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मुक्त कराए गए गौवंशों का पशु चिकित्सकों द्वारा परीक्षण कर उनकी देखभाल की जा रही है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में की गई।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि गौवंश तस्करी के मामलों में पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है और ऐसे अपराधों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

