निजी स्कूलों की मनमानी पर NSUI का हमला, रंजेश सिंह ने दी आंदोलन की चेतावनी

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP) | बिलासपुर में निजी स्कूलों में जारी अनियमितताओं को लेकर एनएसयूआई ने मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश सचिव रंजेश सिंह के नेतृत्व में की गई शिकायतों के बाद शिक्षा विभाग ने जांच शुरू तो की, लेकिन जमीनी स्तर पर सुधार नहीं होने से नाराजगी बढ़ती जा रही है।

रंजेश सिंह ने आरोप लगाया कि अधिकांश निजी विद्यालय शासन के नियमों की खुलेआम अनदेखी कर रहे हैं। अभिभावकों को मजबूर किया जा रहा है कि वे अधिक शुल्क जमा करें और केवल निर्धारित दुकानों से महंगी निजी प्रकाशकों की किताबें खरीदें। कई स्कूलों में मान्यता, फीस संरचना और फीस निर्धारण समिति से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित नहीं की जा रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीयकृत परीक्षा में शामिल न होने वाले कई बड़े विद्यालयों पर विभाग की कार्रवाई नरम रही है। हालांकि मामले के सामने आने के बाद ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल ने छात्रों को परीक्षा में शामिल कराया, लेकिन अन्य स्कूल अब भी इससे दूरी बनाए हुए हैं, जिससे छात्रों के भविष्य पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक KPS स्कूल समूह की सभी शाखाओं में जांच प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, लेकिन सुधार नजर नहीं आ रहा। वहीं सेंट जेवियर्स स्कूल समूह में केवल एक शाखा की जांच कर औपचारिकता निभाई गई, जबकि अन्य शाखाओं में भी शिकायतें बनी हुई हैं। आचीवर्स स्कूल में अब तक जांच शुरू न होना भी सवालों के घेरे में है।

रंजेश सिंह ने कहा कि यदि जांच के बाद भी नियमों का पालन नहीं हो रहा, तो यह केवल दिखावटी कार्रवाई है और कुछ स्कूलों को संरक्षण मिलने की आशंका है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही निष्पक्ष जांच कर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो एनएसयूआई बड़ा आंदोलन करेगा।

एनएसयूआई ने अपनी मांगों में KPS समूह की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने, सेंट जेवियर्स की सभी शाखाओं में जांच, आचीवर्स स्कूल में तत्काल जांच शुरू करने, निजी प्रकाशकों की किताबों पर रोक लगाने, एनसीईआरटी पुस्तकों को अनिवार्य करने और फीस निर्धारण समिति की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।

संगठन ने साफ किया कि छात्रों और अभिभावकों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post