एसईसीएल ने 754 भू-स्वामियों को दिया रोजगार, पारदर्शिता के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित

Social Activity BSP

साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में भूमि अधिग्रहण के बदले रोजगार नीति के तहत 754 पात्र भू-स्वामियों को नौकरी प्रदान की है। कंपनी ने इस प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने के लिए एक उच्चस्तरीय स्थायी समीक्षा समिति का गठन भी किया है।

कंपनी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025-26 के दौरान 300 हेक्टेयर से अधिक भूमि का अधिग्रहण किया गया, जिसके बदले पात्र परिवारों को नियमानुसार लाभ दिए गए। एसईसीएल ने स्पष्ट किया है कि इस प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है।

नई गठित समिति में महाप्रबंधक (भू-राजस्व) को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि महाप्रबंधक (योजना-परियोजना) और महाप्रबंधक (श्रमशक्ति) को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। समिति का मुख्य कार्य रोजगार से जुड़े मामलों की समीक्षा करना, प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष जांच करना और आवश्यक अनुशंसाएं सक्षम प्राधिकारी को सौंपना होगा।

एसईसीएल ने यह भी स्पष्ट किया कि हाल के समय में कुछ आधारहीन और भ्रामक शिकायतें सामने आई हैं। ऐसे मामलों में कंपनी आवश्यकतानुसार कानूनी कार्रवाई करने के लिए अधिकृत है। कंपनी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत माध्यमों पर भरोसा करें और किसी भी प्रकार के प्रलोभन या अपुष्ट दावों से सतर्क रहें।

जनसम्पर्क विभाग के अनुसार, इच्छुक व्यक्ति किसी भी जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर में महाप्रबंधक (भू-राजस्व) कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post