ब्रेकिंग न्यूज़ | बिलासपुर एसईसीएल की मेजबानी में ‘उत्कर्ष 2026’ कॉन्क्लेव का भव्य आगाज, एचआर सुधारों पर होगा मंथन

Social Activity BSP

बिलासपुर, 10 अप्रैल 2026 (Social Activity BSP)।
साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की मेजबानी में आयोजित दो दिवसीय कोल इंडिया एचआर/आईआर कॉन्क्लेव ‘उत्कर्ष 2026’ का आज भव्य शुभारंभ बिलासपुर स्थित वसंत विहार के वसंत क्लब में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित कॉन्क्लेव में कोल इंडिया एवं उसकी अनुषंगी कंपनियों के 100 से अधिक मानव संसाधन (HR) अधिकारी शामिल हुए हैं, जो दो दिनों तक एचआर और औद्योगिक संबंधों (IR) से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन चर्चा और विचार-विमर्श करेंगे।

उद्घाटन सत्र में कोल इंडिया के चेयरमैन श्री बी. साईराम ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि देश की ऊर्जा व्यवस्था में कोयले की भूमिका बेहद अहम है और इस क्षेत्र की असली ताकत उसके कर्मी हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष कोल इंडिया ‘Reform, Perform, Transform’ थीम के साथ आगे बढ़ रहा है, जिसमें कर्मचारियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।


कार्यक्रम की शुरुआत में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि इस राष्ट्रीय स्तर के कॉन्क्लेव की मेजबानी करना एसईसीएल के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था की सबसे बड़ी पूंजी उसके कर्मचारी होते हैं और उनके विकास, प्रशिक्षण एवं कल्याण के लिए निरंतर प्रयास करना आवश्यक है।

विशेष संबोधन में कोल इंडिया के मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने संगठन की पहचान और उसकी साख पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कोल इंडिया केवल एक कंपनी नहीं बल्कि एक मजबूत पहचान है। उन्होंने उत्साहपूर्वक कहा— “जो जीता वही कोल इंडियन”, और सभी कर्मचारियों को इस गौरवशाली संगठन का हिस्सा होने पर गर्व करने की बात कही।

कॉन्क्लेव के कीनोट सत्र में कोल इंडिया के निदेशक (मानव संसाधन) डॉ. विनय रंजन ने कहा कि स्थापना के बाद से कोल इंडिया में व्यापक परिवर्तन हुए हैं और आज संगठन अपने कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान कर रहा है। उन्होंने कार्यस्थल पर संवाद, संवेदना और पारदर्शिता को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे न केवल बेहतर परिणाम मिलते हैं, बल्कि हितधारकों की अपेक्षाओं को भी प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकता है।

उद्घाटन सत्र के दौरान कोल इंडिया की सभी अनुषंगी कंपनियों के निदेशक (एचआर), एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न कंपनियों की एचआर टीमों द्वारा नवाचारों और नई पहलों पर प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें प्रतिभागियों ने सराहा।

यह दो दिवसीय कॉन्क्लेव कई अहम सत्रों में विभाजित है, जिसमें देश के प्रतिष्ठित एचआर विशेषज्ञ अपने अनुभव और विशेषज्ञता साझा करेंगे। इससे प्रतिभागियों को आधुनिक एचआर प्रबंधन, औद्योगिक संबंधों के बेहतर मॉडल और कार्यस्थल सुधार के नए आयामों की जानकारी मिलेगी।

उत्कर्ष 2026 को कोल इंडिया के एचआर क्षेत्र में सुधार, नवाचार और बेहतर कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। यह कॉन्क्लेव न केवल कर्मचारियों के विकास को नई दिशा देगा, बल्कि संगठन की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने में भी सहायक सिद्ध होगा।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post