
बिलासपुर (Social Activity BSP)। चकरभाठा पुलिस ने थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेवार एवं ग्राम सारधा में हुए 37 नग बकरी-बकरा चोरी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी से संबंधित सामान, बिक्री की रकम और वारदात में उपयोग की गई मोटरसाइकिल सहित कुल 63 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 मार्च 2026 को ग्राम सेवार एवं ग्राम सारधा से कुल 37 नग बकरी-बकरा चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई थी। चोरी गए पशुओं में 16 नग बकरा, 15 नग बकरी एवं 06 नग पट्ठी शामिल थे, जिनकी कुल कीमत लगभग 77 हजार रुपए आंकी गई थी।
इस मामले में पूर्व में दो आरोपियों हेमराज उर्फ हेमू उर्फ राहुल साहू और नजीर खान उर्फ मजीद खान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि चोरी के बकरा-बकरी खरीदकर काटकर बेचने वाला आरोपी रहीस उर्फ टीर्रू उर्फ मुंडा खान निवासी चिल्हाटी थाना सरकंडा इस मामले में शामिल है।
पुलिस ने आरोपी रहीस खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने 10 नग बकरा-बकरी खरीदकर अपनी दुकान में काटकर बेचने की बात स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से बकरा-बकरी काटने के औजार, तराजू, बिक्री की रकम तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
चकरभाठा पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। वहीं मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
Social Activity BSP👈
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
Click here 👆👆