रायगढ़ में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे पर पुलिस का बड़ा एक्शन, “ऑपरेशन अंकुश” में 5 सट्टा खाईवाल गिरफ्तार

Social Activity BSP

रायगढ़ (Social Activity BSP) शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ पुलिस ने आईपीएल मैचों की आड़ में संचालित ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के तीन अलग-अलग ठिकानों पर ताबड़तोड़ रेड मारकर 5 सट्टा खाईवालों को गिरफ्तार किया है। थाना साइबर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए “ऑपरेशन अंकुश” के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख 70 हजार रुपये नकद, 6 मोबाइल फोन, एक इलेक्ट्रॉनिक नोट गिनने की मशीन और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 4 लाख 70 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक पहली कार्रवाई कोतरारोड बायपास स्थित आर.एस. ट्रेडिंग कंपनी के ऑफिस में की गई, जहां आरोपी साकेत सिंघानिया मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते पकड़ा गया। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से ऑनलाइन बेटिंग आईडी, व्हाट्सएप चैट, यूपीआई बारकोड और लेनदेन से जुड़े कई डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए। आरोपी ने पूछताछ में अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सट्टा नेटवर्क चलाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से विवो मोबाइल और आईफोन-13 प्रो जब्त किया है।

दूसरी कार्रवाई पुराना पंजाब नेशनल बैंक के पास स्थित एक राशन दुकान में की गई, जहां पुलिस ने रितेश डालमिया को ऑनलाइन सट्टा खिलाते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने पिंटू हलवाई, रौनक मोदनवाल और प्रियंका हलवाई के साथ मिलकर नेटवर्क संचालित करने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने चांदमारी क्षेत्र में दबिश देकर रौनक मोदनवाल और उसकी पत्नी प्रियंका हलवाई को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से आईफोन, विवो मोबाइल, सैमसंग मोबाइल, 2 लाख 69 हजार रुपये नकद और नोट गिनने की इलेक्ट्रॉनिक मशीन बरामद की गई।

तीसरी कार्रवाई संजय मैदान रामभांठा क्षेत्र में स्थित एक किराए के मकान में की गई, जहां आरोपी प्रदीप कुमार पाण्डेय ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करता मिला। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन में क्रिकेट गुरु एप, फोन-पे ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और डिजिटल लेनदेन के स्क्रीनशॉट पाए गए। आरोपी ने पूछताछ में पिंटू हलवाई, रौनक हलवाई और प्रियंका हलवाई के साथ मिलकर आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाने की बात कबूल की। पुलिस ने उसके कब्जे से विवो मोबाइल जब्त किया, जिसमें लगभग 89 हजार 950 रुपये के डिजिटल ट्रांजेक्शन के साक्ष्य मिले। मामले में फरार आरोपी पिंटू हलवाई की तलाश जारी है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, थाना प्रभारी साइबर निरीक्षक विजय चेलक, एसआई ऐनु देवांगन, एएसआई गौतम ठाकुर, अमृत मिंज, विल्फ्रेड मसीह, नंद कुमार सारथी सहित पुलिस टीम के कई अधिकारी और जवान शामिल रहे।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा युवाओं और समाज को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से नुकसान पहुंचाने वाला अपराध है। रायगढ़ पुलिस ऐसे संगठित अपराधों के खिलाफ तकनीकी और जमीनी स्तर पर लगातार कार्रवाई कर रही है और भविष्य में भी अवैध जुआ-सट्टा नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

गिरफ्तार आरोपी

  1. प्रदीप कुमार पाण्डेय (52 वर्ष) निवासी संजय मैदान रामभांठा रायगढ़
  2. रितेश डालमिया (28 वर्ष) निवासी बीड़पारा रायगढ़
  3. प्रियंका हलवाई (37 वर्ष) निवासी चांदमारी रायगढ़
  4. रौनक मोदनवाल (19 वर्ष) निवासी चांदमारी रायगढ़
  5. साकेत सिंघानिया (37 वर्ष) निवासी गजानंदपुरम कोतरारोड रायगढ़

कुल जप्ती

  • 2 लाख 70 हजार रुपये नकद
  • 1 इलेक्ट्रॉनिक नोट गिनने की मशीन
  • 2 आईफोन
  • 1 वन प्लस मोबाइल
  • 2 विवो मोबाइल
  • 1 सैमसंग मोबाइल



Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post