शांति निकेतन कॉलेज पर गंभीर अनियमितताओं का आरोप, NSUI ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)।
अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय से संबद्ध शांति निकेतन कॉलेज बिलासपुर के खिलाफ गंभीर अनियमितताओं एवं नियम विरुद्ध संचालन के आरोप सामने आए हैं। इस मामले को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय के कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जिस परिसर और पते के लिए कॉलेज को विश्वविद्यालय एवं शासन से मान्यता प्राप्त है, उसी कॉलेज कोड और मान्यता का उपयोग कर सिरगिट्टी स्थित एक अन्य स्कूल परिसर में भी महाविद्यालय का संचालन किया जा रहा है। एनएसयूआई ने इसे विश्वविद्यालय नियमों का खुला उल्लंघन बताते हुए छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करार दिया है।

एनएसयूआई नेता नूर मोहम्मद (राजा) ने कहा कि किसी महाविद्यालय को जिस विशेष परिसर और पते के लिए मान्यता दी गई हो, उसी मान्यता और कॉलेज कोड के आधार पर दूसरे स्थान पर संचालन करना प्रथम दृष्टया भ्रामक और नियम विरुद्ध प्रतीत होता है। इससे छात्रों, अभिभावकों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच भ्रम की स्थिति बन रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित संस्थान पहले से ही कई मूलभूत सुविधाओं के अभाव में संचालित हो रहा है। कॉलेज में न पर्याप्त मैदान है, न ही पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध हैं। यहां तक कि प्राप्त जानकारी के अनुसार संस्थान में नियमित प्राचार्य तक नहीं है, बावजूद इसके अब दूसरे स्थान पर भी कॉलेज संचालन किए जाने की बात सामने आ रही है।



ज्ञापन में विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की गई है कि—

  • एक ही कॉलेज कोड का उपयोग अलग-अलग परिसरों में किए जाने की जांच कराई जाए।
  • कॉलेज की मान्यता, संबद्धता, भूमि एवं भवन संबंधी दस्तावेजों की विस्तृत जांच हो।
  • जांच पूरी होने तक नई भर्ती एवं प्रवेश प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए।
  • दोषी पाए जाने पर कॉलेज की मान्यता समाप्त कर एफआईआर दर्ज की जाए।

नूर मोहम्मद ने कहा कि यदि किसी संस्था द्वारा गलत जानकारी देकर या नियमों को दरकिनार कर संचालन किया जा रहा है, तो यह शिक्षा व्यवस्था और छात्रों के हितों के साथ गंभीर धोखा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो एनएसयूआई विश्वविद्यालय का घेराव कर आंदोलन करेगी तथा संबंधित संस्थान की मान्यता और संबद्धता समाप्त करने की मांग को लेकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान नूर मोहम्मद, मनेंद्र अनंत, आशीष यादव, राज कोशले और प्रिंस मानिकपुरी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post