Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। शहर के आजाद नगर में स्वर्गीय श्री शोभराज नागदेव जी की प्रथम पुण्यतिथि को जनसेवा और मानव कल्याण से जोड़ते हुए एक प्रेरणादायक आयोजन किया गया। पूज्य सिंधी पंचायत आजाद नगर, युवा विंग और महिला विंग के सहयोग से आयोजित विशाल स्वैच्छिक रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
सिंधी धर्मशाला परिसर में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत भगवान झूलेलाल, गुरु नानक देव जी और स्व. शोभराज नागदेव जी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। विश्व शांति और मानव कल्याण की कामना के बाद स्वास्थ्य जांच और रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया गया।
समाजसेवी संतोष नागदेव द्वारा अपने पिता की स्मृति में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल श्रद्धांजलि देना नहीं, बल्कि समाज हित में सकारात्मक योगदान देना रहा। आयोजन ने यह संदेश दिया कि बुजुर्गों के संस्कारों को सामाजिक कार्यों के जरिए भी जीवित रखा जा सकता है।
शिविर में शहर के अनुभवी चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण, रोग परामर्श, रक्त जांच और आवश्यक दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई। बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया, जबकि दर्जनों लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी पहल की। युवाओं और महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही।
आयोजन की एक खास पहल यह रही कि रक्तदान करने वालों को प्रमाण-पत्र के साथ हेलमेट भेंट किए गए, ताकि सड़क सुरक्षा का संदेश भी समाज तक पहुंचे। आयोजकों ने संदेश दिया कि “जो दूसरों की जिंदगी बचाता है, उसे अपनी सुरक्षा का भी ध्यान रखना चाहिए।”
कार्यक्रम में सिंधी समाज के वरिष्ठजन, पंचायत पदाधिकारी, युवा प्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। आयोजन की सफलता में नागदेव परिवार, पूज्य सिंधी पंचायत आजाद नगर, युवा विंग, महिला विंग और स्वयंसेवकों की सक्रिय भूमिका रही।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

