Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। सीपत पुलिस और ACCU टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पर मृतक को घर और जमीन खाली करने का दबाव बनाते हुए लगातार गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देकर प्रताड़ित करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 29 मई 2026 को प्रार्थिया परमेश्वरी पटेल ने थाना सीपत में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह और उनका परिवार ग्राम फरहदा बजरंग चौक स्थित शासकीय जमीन पर वर्षों से निवास कर रहे हैं। इसी बीच पड़ोसी बलराम यादव (39 वर्ष) ने एक बुजुर्ग महिला को लाकर जमीन उसकी होने का दावा करते हुए परिवार को घर खाली करने के लिए दबाव बनाया।
आरोप है कि आरोपी बलराम यादव घर में घुसकर अश्लील गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देता था। इन घटनाओं से परेशान होकर प्रार्थिया के पति कनक पटेल ने कथित रूप से कीटनाशक जहर का सेवन कर लिया, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान 30 मई 2026 को कनक पटेल की मौत हो गई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की लगातार प्रताड़ना को आत्महत्या का कारण मानते हुए प्रकरण में धारा 108 बीएनएस (आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करना) जोड़ी।
घटना के बाद फरार आरोपी बलराम यादव को सीपत पुलिस और ACCU टीम ने गनियारी क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विवेचना जारी है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

