Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP) | बेलगहना चौकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गौमांस रखने और काटने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब 7 किलो मांस और मांस काटने में प्रयुक्त टंगली जब्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 मई 2026 को बेलगहना निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि ग्राम करहीकछार में एक व्यक्ति द्वारा गौमांस रखा और काटा जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए उनके निर्देशन में तत्काल कार्रवाई की।
बेलगहना पुलिस टीम ने सुबह तड़के आरोपी सुरेश कुमार सोनवानी (53 वर्ष), निवासी करहीकछार के घर पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान आरोपी अपने घर के आंगन में मांस को काटते हुए पाया गया। पूछताछ में आरोपी ने मांस रखने और उपयोग करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने मौके से लगभग 7 किलोग्राम मांस और एक टंगली जब्त कर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 5 और 10 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

