Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP) | बिलासपुर रेंज में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के लिए पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने 29 अप्रैल 2026 को समीक्षा बैठक आयोजित की। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें रेंज के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।
बैठक में आईजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन के ‘सुशासन तिहार’ (1 मई से 10 जून) के दौरान प्राप्त होने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने रेंज में लंबित 2374 मर्ग प्रकरणों, विशेष रूप से वर्ष 2024 से पूर्व के मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही हत्या के मामलों में डीएनए जांच और एफएसएल रिपोर्ट समय पर प्राप्त करने पर जोर दिया गया।
आईजी गर्ग ने पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को भी सरल और पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पासपोर्ट वेरिफिकेशन 15 दिनों के भीतर ऑनलाइन पूर्ण किए जाएं और नागरिकों को अनावश्यक रूप से थानों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इसके अलावा माइनिंग क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों की मुसाफिरी दर्ज करने, हाईवे पेट्रोलिंग को मजबूत बनाने और अन्य राज्यों में जाने वाली पुलिस टीमों के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में रायगढ़, मुंगेली, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, कोरबा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और जांजगीर-चांपा सहित सभी जिलों के पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

