पंजाब से छत्तीसगढ़ में हो रही हेरोइन तस्करी का बिलासपुर पुलिस ने किया खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना तोरवा पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर हेरोइन तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में हेरोइन, वाहन, मोबाइल फोन और नगदी जप्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध नशे के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि पंजाब से छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में हेरोइन की सप्लाई की जा रही है। मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि तोरवा क्षेत्र रेलवे स्टेशन के पास एक अल्टो कार में कुछ लोग हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।

सूचना पर निरीक्षक नीलेश पांडेय और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। जांच के दौरान कार में पांच संदिग्ध व्यक्ति मिले, जो पूछताछ में गोलमोल जवाब देने लगे। तलाशी लेने पर कार में रखे बैग से एक बोतल में प्रतिबंधित नशीला पदार्थ हेरोइन बरामद किया गया। आरोपियों के पास किसी प्रकार का वैध दस्तावेज नहीं मिला।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम जितेंद्र सिंह रंधावा और जगदीप सिंह निवासी अमृतसर पंजाब बताया, जो हेरोइन को छत्तीसगढ़ में बिक्री के लिए लाए थे। वहीं शेख अल्ताफ उर्फ लल्ला, अमित कुमार डाहिरे और अवि पाठक निवासी मुंगेली को खरीदार के रूप में चिन्हित किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 97.63 ग्राम हेरोइन, घटना में प्रयुक्त अल्टो कार, स्कूटी, पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा नशीले पदार्थ की बिक्री से प्राप्त 57,800 रुपये नगद जप्त किए हैं। जप्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 5 लाख 38 हजार रुपये बताई गई है।

मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21बी, 22बी और 29 के तहत कार्रवाई की गई है। इस पूरी कार्रवाई में थाना तोरवा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post