Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोटा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में देशी शराब जप्त की है। पुलिस ने आरोपी के पास से 56 पाव देशी प्लेन शराब और नगद रकम बरामद की है।
जानकारी के अनुसार 12 मई 2026 को ग्राम पडावपारा स्थित संतोषी मंदिर के पास अवैध शराब बिक्री किए जाने संबंधी एक वीडियो क्लिप पुलिस को प्राप्त हुई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना कोटा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार चौहान के नेतृत्व में क्षेत्र में अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पडावपारा स्थित संतोषी मंदिर के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां आरोपी शांति लाल जाधव पिता मांगी लाल जाधव उम्र 40 वर्ष निवासी पडावपारा को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास रखे थैले से 180 एमएल क्षमता वाली देशी प्लेन शराब की कुल 56 शीशियां बरामद की गईं।
पुलिस के अनुसार जप्त शराब की कुल मात्रा 10 लीटर 80 एमएल है, जिसकी अनुमानित कीमत 4480 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 300 रुपये नगद भी जप्त किए गए हैं।
मामले में आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

