ऑनलाइन सट्टा रैकेट पर बिलासपुर पुलिस का बड़ा प्रहार, “खिलाड़ी बुक” पैनल से सट्टा खिलाने वाले गिरफ्तार

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। जिले में जुआ और ऑनलाइन सट्टे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना सिविल लाइन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए “खिलाड़ी बुक” नामक ऑनलाइन पैनल के माध्यम से विभिन्न खेलों पर सट्टा खिलाने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नगदी, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और वाहन जब्त किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जिले में जुआ एवं सट्टा संबंधी अपराधों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान 24 मई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मंगला स्थित एचडीएफसी बैंक के पास कुछ लोग मोबाइल फोन के जरिए “खिलाड़ी बुक” नामक पैनल से विभिन्न खेलों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना सिविल लाइन पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर रेड कार्रवाई की।


रेड के दौरान पुलिस ने संतोष जसवानी (34 वर्ष) निवासी रोमन हाईट्स गंगानगर फेस-02 मंगला, करन श्रीवास (20 वर्ष) निवासी नयापारा सिरगिट्टी, आशीष जसवानी (20 वर्ष) निवासी बी.आर. हॉस्पिटल के पास बिलासपुर तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। जांच में सामने आया कि आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से विभिन्न खेलों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने का अवैध कारोबार संचालित कर रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 05 मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों के 27 एटीएम कार्ड, 13 लाख 48 हजार रुपये नगद, एक टाटा कार और एक स्कूटी जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 22 लाख 63 हजार रुपये बताई गई है।

विवेचना के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी संतोष जसवानी द्वारा सट्टे की रकम को आशीष जसवानी के माध्यम से आगे पहुंचाया जा रहा था। इस आधार पर पुलिस ने आशीष जसवानी को भी मामले में गिरफ्तार किया।

थाना सिविल लाइन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7(2) एवं बीएनएस की धारा 112 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने यह भी बताया कि इस ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े बड़े और फरार सटोरियों के खिलाफ लगातार दबिश दी जा रही है। फरार आरोपी रोहित पंजवानी, सागर चेतवानी और राज चेतानी के विरुद्ध लुक आउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया गया है।

बिलासपुर पुलिस की इस कार्रवाई को ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है, वहीं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post