शनिचरी बाजार रोड में चाकू से हमला कर मारपीट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, सिटी कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने शनिचरी बाजार रोड में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर धारदार चाकू से हमला कर मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू एवं फाइबर पाइप भी जब्त किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राजेश साहू (35 वर्ष) निवासी पचरीघाट, जूना बिलासपुर ने थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई कि दिनांक 22 मई 2026 की रात करीब 10:45 बजे वह अपने परिचित ऑटो चालक नंदू साहू निवासी देवनचाल चांटीडीह, सरकण्डा के साथ शनिचरी बाजार रोड में खड़े होकर बातचीत कर रहा था।

इसी दौरान आरोपी विक्की गुलहरे उर्फ अमित वहां पहुंचा और नंदू साहू से शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए अपने साथी फद्दू खान उर्फ अरबाज एवं दीपक यादव को मौके पर बुला लिया।

इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर प्रार्थी और उसके साथी ऑटो चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपी फद्दू खान उर्फ अरबाज ने अपने पास रखे धारदार चाकू से नंदू साहू पर हमला कर दिया, जिससे उसकी कलाई में चोट आई। घटना के बाद पीड़ित द्वारा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई।

प्रकरण में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 329/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 119(1), 118(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया, जिसके बाद उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक धारदार चाकू एवं एक फाइबर पाइप जब्त किया गया।

पुलिस ने प्रकरण में धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट भी जोड़ी है। गिरफ्तार आरोपियों में विक्की गुलहरे उर्फ अमित (34 वर्ष) निवासी श्रीराम प्लाजा अपार्टमेंट, फद्दू खान उर्फ अरबाज (22 वर्ष) निवासी शनिचरी मार्केट मछली बाजार के पीछे तथा दीपक यादव (22 वर्ष) निवासी अशोक नगर अटल आवास, सरकण्डा शामिल हैं।

तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। सिटी कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post