Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। थाना हिर्री पुलिस ने रंगदारी कर जान से मारने की धमकी देकर पैसे की उगाही करने वाले आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी आशीष केशरी, निवासी पेण्ड्रा जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही ने थाना हिर्री में उपस्थित होकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी की मांग की जा रही थी। आवेदन के परीक्षण के बाद प्रथम दृष्टया मामला गंभीर पाए जाने पर थाना हिर्री में अपराध क्रमांक 122/2026 के तहत धारा 308(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
घटना 19 मई 2026 की शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है, जो पेण्ड्रीडीह चौक थाना हिर्री क्षेत्र की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा श्री डी.आर. टण्डन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हिर्री द्वारा विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी अश्वनी कुमार साहू (35 वर्ष) निवासी ग्राम केशला, थाना बिल्हा जिला बिलासपुर को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना के समय रंगदारी और धमकी देने की बात स्वीकार कर ली।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर 24 मई 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
हिर्री पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

