Social Activity BSP
रायगढ़ (Social Activity BSP)। आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों की जान बचाने और पुलिसकर्मियों को त्वरित चिकित्सकीय सहायता देने के लिए सक्षम बनाने के उद्देश्य से रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में एकदिवसीय सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से आए लगभग 100 पुलिसकर्मियों को आपात स्थितियों में सीपीआर देने की तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम स्वर्गीय श्री लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय रायगढ़ के तत्वावधान में ऑल इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, रायगढ़ द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दुर्घटना, हृदयाघात, आगजनी, बाढ़ या अन्य आपात स्थितियों में घायल अथवा अचेत व्यक्तियों को समय रहते प्राथमिक सहायता देकर उनका जीवन बचाने की जानकारी देना था।
प्रशिक्षण के दौरान डॉक्टरों की टीम ने पुलिसकर्मियों को पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन और वीडियो डेमो के माध्यम से सीपीआर की प्रक्रिया, महत्व और सही तकनीक की विस्तृत जानकारी दी। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बताया कि कई बार दुर्घटना या स्वास्थ्य आपातकाल के दौरान किसी व्यक्ति का ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित हो जाता है, जिससे व्यक्ति बेहोश हो सकता है और उसकी प्रतिक्रिया बंद हो जाती है। ऐसे समय में सही तरीके से दिया गया सीपीआर व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कार्यक्रम में डॉ. गजेंद्र ने अपने प्रस्तुतीकरण में बताया कि यदि कोई व्यक्ति मूर्छित अवस्था में हो और उसकी कोई प्रतिक्रिया न मिल रही हो, तो सबसे पहले उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाना चाहिए। इसके बाद तत्काल डायल 108 और 112 पर कॉल कर मेडिकल सहायता बुलानी चाहिए। मेडिकल टीम के पहुंचने तक सीपीआर देकर व्यक्ति के रक्त संचार को पुनः सक्रिय करने का प्रयास किया जा सकता है, जिससे उसकी जान बचने की संभावना बढ़ जाती है।
प्रशिक्षण के दौरान दुर्घटना संबंधी वीडियो के जरिए सीपीआर देने की विधि का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया। इसके बाद उपस्थित पुलिसकर्मियों ने एक-एक कर स्वयं सीपीआर देने का प्रायोगिक अभ्यास किया, जिससे उन्हें वास्तविक परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने का अनुभव प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम के अंत में डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने सीपीआर प्रशिक्षण के सफल आयोजन के लिए डॉ. प्रभात पटेल एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आरआई अमित सिंह सहित जिले के विभिन्न थाना एवं पुलिस इकाइयों से आए लगभग 100 पुलिसकर्मियों ने भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
इस प्रशिक्षण को पुलिसकर्मियों के लिए अत्यंत उपयोगी माना जा रहा है, जिससे भविष्य में किसी भी आपात स्थिति में वे समय रहते प्राथमिक जीवन रक्षक सहायता प्रदान कर सकेंगे।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








.jpeg)

