Social Activity BSP
रायगढ़ (Social Activity BSP)। जिले में नशे और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” अभियान के तहत घरघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर रेड कार्रवाई कर कच्ची महुआ शराब, अंग्रेजी शराब और बिक्री की रकम सहित 30 लीटर से अधिक शराब जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 23 मई 2026 को थाना घरघोड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रायकेरा क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर रेड कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने रवि साहू (26 वर्ष) निवासी रायकेरा थाना घरघोड़ा जिला रायगढ़ को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 25 पाव BAGPIPE अंग्रेजी शराब कीमत लगभग 4,750 रुपये, 15 लीटर कच्ची महुआ शराब कीमत करीब 3,000 रुपये तथा शराब बिक्री की 450 रुपये नकद राशि बरामद की गई। कुल मिलाकर आरोपी के कब्जे से 19.500 लीटर शराब एवं नकदी सहित लगभग 7,750 रुपये का माल जब्त किया गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में मुरलीधर राठिया (26 वर्ष) निवासी रायकेरा थाना घरघोड़ा जिला रायगढ़ को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 12 पाव GYPSY अंग्रेजी शराब कीमत करीब 1,440 रुपये, 9.500 लीटर कच्ची महुआ शराब कीमत लगभग 1,900 रुपये तथा शराब बिक्री की 270 रुपये नकद राशि जब्त की गई। इस कार्रवाई में कुल 11.660 लीटर शराब एवं नकदी सहित लगभग 3,340 रुपये का माल बरामद किया गया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना घरघोड़ा में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक उद्योराम पटेल एवं महिला आरक्षक सम्पत्ति भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अवैध शराब कारोबार एवं संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

