बिलासपुर प्रेस क्लब गृह निर्माण समिति में कथित वित्तीय अनियमितताओं पर भूमिहीन पत्रकारों का आक्रोश, एफआईआर और ऑडिट की मांग

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। बिलासपुर प्रेस क्लब की गृह निर्माण समिति में कथित वित्तीय अनियमितताओं और जमीन आवंटन में देरी को लेकर भूमिहीन पत्रकारों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। प्रेस क्लब के सदस्य एवं भूमिहीन पत्रकारों ने कलेक्टर और एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्च स्तरीय जांच, वित्तीय ऑडिट और तत्कालीन पदाधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

ज्ञापन में पत्रकारों ने आरोप लगाया है कि गृह निर्माण समिति के माध्यम से वर्षों पहले आवासीय भूमि आवंटन का आश्वासन दिया गया था, लेकिन लंबे समय बीतने के बावजूद पात्र पत्रकारों को अब तक जमीन उपलब्ध नहीं कराई गई है। उनका कहना है कि इस देरी और समिति के कार्यों को लेकर कई तरह की शिकायतें सामने आई हैं।

पत्रकारों के अनुसार, समिति में कथित वित्तीय गड़बड़ियों और अनियमितताओं की शिकायत मिलने के बाद शासन द्वारा एक प्रशासक नियुक्त किया गया था। आरोप है कि तत्कालीन प्रशासक श्री बाजपेई ने जांच के दौरान अनियमितताओं की पुष्टि करते हुए संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश भी दिए थे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि मामले को दबाने और कथित रूप से जिम्मेदार लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। पत्रकारों ने मांग की है कि समिति के संपूर्ण वित्तीय लेन-देन का निष्पक्ष ऑडिट कराया जाए और दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस संबंध में भूमिहीन पत्रकारों ने कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे थाना सिविल लाइन के सामने धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post