Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। पचपेड़ी थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल टकराने की मामूली बात को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां आरोपियों द्वारा लाठी-डंडा, बेल्ट, पेचकस और ईंट से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 07 आरोपियों एवं 02 नाबालिगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार घटना 17 मई 2026 की दोपहर करीब 12:30 बजे की है। प्रार्थी अपने परिचितों के साथ दशगात्र कार्यक्रम के दौरान लाउडस्पीकर के माध्यम से महिलाओं को कार्यक्रम में शामिल होने की सूचना देने जा रहा था। इसी दौरान पचपेड़ी पेट्रोल पंप के पास सामने से तेज रफ्तार में आई मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर गए।
रिपोर्ट के मुताबिक, बाइक धीरे चलाने की बात कहने पर आरोपी बादल जांगड़े गाली-गलौज करते हुए बेल्ट से मारपीट करने लगा। विवाद बढ़ने पर अन्य आरोपी भी मौके पर पहुंच गए और कथित रूप से लाठी-डंडे, लोहे की वस्तु, ईंट और नुकीली चीजों से हमला कर दिया। इस दौरान पीड़ितों को सिर, चेहरा, कान और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिनमें एक घायल को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया।
पचपेड़ी पुलिस ने मामले में गंभीर चोट एवं जानलेवा हमले को देखते हुए अतिरिक्त धाराएं जोड़ीं और विवेचना के दौरान आरोपियों के कब्जे से ईंट का टुकड़ा, बेल्ट, पेचकस और डंडा जब्त किया। पुलिस ने 07 आरोपियों एवं 02 विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य पहलुओं की जांच जारी है तथा भविष्य में इस प्रकार की हिंसक घटनाओं में संलिप्त पाए जाने वालों पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

