बिलासपुर के निजी अस्पताल में हंगामे का आरोप, एआरसी–पीएआरसी क्लीनिक प्रबंधन ने सुरक्षा की लगाई गुहार

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। शहर के शासकीय अस्पताल सिम्स में हाल ही में हुए हंगामे का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि अब एक निजी अस्पताल में असामाजिक तत्वों द्वारा कथित उत्पात का मामला सामने आया है। मगरपारा रोड स्थित एआरसी–पीएआरसी क्लीनिक के संचालक ने थाना सिविल लाइन में लिखित शिकायत देकर अस्पताल परिसर में घुसकर हंगामा, धमकी और अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, एआरसी–पीएआरसी क्लीनिक के संचालक डॉ. जगबीर सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह नर्सिंग होम एवं डे-केयर सेंटर का संचालन करते हैं और पिछले कुछ दिनों से शहर से बाहर थे। इसी दौरान 15 मई 2026 को कथित रूप से 8 से 10 लोग अस्पताल पहुंचे और वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए अस्पताल में हंगामा किया।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि समूह का नेतृत्व छत्रपाल साहू नामक व्यक्ति कर रहा था। आरोप है कि अस्पताल परिसर में लगे देवी-देवताओं के चित्रों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं तथा आधे घंटे के भीतर उन्हें हटाने की चेतावनी दी गई। साथ ही अस्पताल को नुकसान पहुंचाने और स्टाफ को अंजाम भुगतने की कथित धमकी भी दी गई।

डॉ. सिंह के अनुसार, दोपहर से शाम तक अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। इस दौरान वार्ड बॉय कालीचरण सूर्यवंशी के साथ जातिसूचक टिप्पणी और दुर्व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन, कर्मचारी और मरीजों में भय का माहौल बताया जा रहा है।

क्लीनिक संचालक ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई, अस्पताल एवं स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2018 में भी उनके साथ मारपीट की एक घटना हो चुकी है, जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है।

फिलहाल सिविल लाइन पुलिस ने लिखित शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post