सिंधी कॉलोनी में 24 घंटे से बिजली गुल, पानी संकट से जूझे लोग—विभाग पर लापरवाही के आरोप

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP) | बिलासपुर के घनी आबादी वाले सिंधी कॉलोनी क्षेत्र में पिछले 24 घंटों से बिजली आपूर्ति ठप होने से हालात गंभीर हो गए हैं। भीषण गर्मी के बीच लंबे ब्लैकआउट ने लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है और अब स्थानीय नागरिकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

लगातार बिजली कटौती के कारण कूलर और पंखे बंद पड़े हैं, जिससे घरों में रहना मुश्किल हो गया है। तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचने से बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। कई घरों में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर जैसे आवश्यक उपकरण भी बंद होने से मरीजों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

बिजली बाधित होने का असर पानी की सप्लाई पर भी पड़ा है। मोटर नहीं चलने के कारण घरों की टंकियां खाली हो चुकी हैं और लोगों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। कई परिवार मजबूरी में बाहर से पानी खरीदने या दूर से लाने को विवश हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। 24 घंटे बीत जाने के बाद भी फॉल्ट का पता नहीं चल पाना और मरम्मत कार्य में देरी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है।

इस मामले में समाजसेवी मोहन मदवानी, सुरेश बजाज, पवन मोटवानी, अशोक श्रीवास, सन्नी लाहौरानी, नरेश लालवानी, रामलाल चंदानी, हरिकिशन गंगवानी, अंजू लालचंदानी और परमानंद गिदवानी सहित कई नागरिकों ने नाराजगी जताई है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर बिजली आपूर्ति बहाल करने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post