Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP) | सीपत थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है, जहां चरित्र शंका के चलते पति ने पत्नी को जबरन चूहा मार दवा पिला दी। मामले में सीपत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 4 मई 2026 को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका पति रामरतन सूर्यवंशी (65 वर्ष) लंबे समय से उस पर चरित्र शंका कर मारपीट और विवाद करता था। घटना 8 अप्रैल 2026 की है, जब आरोपी ने घर में चूहे होने का बहाना बनाकर पत्नी से जहर की दवा मंगवाई और फिर उसे लकड़ी लाने के बहाने बाहर ले जाकर जबरदस्ती दवा पिला दी।
दवा के असर से पीड़िता बेहोश हो गई, जिसे तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीन दिन बाद होश में आने पर उसने पूरी घटना अपने बेटे को बताई। समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी हत्या और मारपीट के मामले दर्ज हैं। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

