Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरगिट्टी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिक्री के लिए शराब ले जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। आरोपी को आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में अवैध शराब बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान 23 मई 2026 को सिरगिट्टी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल में भारी मात्रा में शराब रखकर तारबाहर फाटक के पास से गणेश नगर की ओर बिक्री के उद्देश्य से ले जा रहा है।
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस टीम ने झोपड़ापारा मस्जिद के सामने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल में काले रंग का थैला रखकर आता दिखाई दिया। पुलिस ने रोककर तलाशी ली तो थैले के अंदर 40 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने शराब को बिक्री के लिए ले जाना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी प्रदीप कुर्रे (33 वर्ष) निवासी गणेश नगर सिरगिट्टी के कब्जे से करीब 3,200 रुपये कीमत की शराब तथा मोटरसाइकिल क्रमांक CG10BY4256 कीमत लगभग 80 हजार रुपये जब्त की। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

