“ऑपरेशन तलाश” में घरघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता, 13 साल पुराने चोरी मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार

Social Activity BSP

रायगढ़ (Social Activity BSP)। रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत घरघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2013 के पोल्ट्री फार्म चोरी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपी ग्राम बरभौना थाना छाल का निवासी है और बीते 13 वर्षों से फरार चल रहा था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर 2013 की रात ग्राम भेंगारी स्थित एक पोल्ट्री फार्म में चोरी की बड़ी वारदात हुई थी। मामले में पिकअप वाहन क्रमांक CG-13-L-3356 के चालक सहित 7-8 लोगों द्वारा करीब 300 जीवित मुर्गे, 150 प्लास्टिक अंडा ट्रे और 9000 अंडों की चोरी की गई थी। चोरी गई सामग्री की कुल कीमत लगभग 60 हजार रुपये आंकी गई थी। पोल्ट्री फार्म संचालक की शिकायत पर थाना घरघोड़ा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

विवेचना के दौरान वर्ष 2013 में एक आरोपी शैलेश कुमार महतो को गिरफ्तार कर पिकअप वाहन और किराया राशि जब्त की गई थी। पूछताछ में चोरी की घटना में शामिल अन्य आरोपियों के नाम सामने आए थे, जिनमें चिंता उर्फ चिंतामणि राठिया का नाम भी शामिल था। घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव बरभौना आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर चिंता उर्फ चिंतामणि राठिया (30 वर्ष) निवासी बरभौना थाना छाल जिला रायगढ़ को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post