रायगढ़ को मिली हाईटेक मोबाइल फॉरेंसिक वैन, अब घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच

Social Activity BSP

रायगढ़ (Social Activity BSP)। जिले की कानून व्यवस्था और अपराध जांच प्रणाली को आधुनिक एवं वैज्ञानिक स्वरूप देने की दिशा में रायगढ़ को एक बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्रीय एफएसएल कार्यालय रायगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन का शुभारंभ किया गया। महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने हरी झंडी दिखाकर मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट को रवाना किया।

शासन द्वारा जिले को उपलब्ध कराई गई यह हाईटेक मोबाइल फॉरेंसिक वैन अपराधों की सटीक विवेचना, त्वरित साक्ष्य संकलन और न्याय प्रक्रिया को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। “लैब ऑन व्हील्स” सुविधा से लैस यह यूनिट अब घटनास्थल पर पहुंचकर प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच, डिजिटल फॉरेंसिक विश्लेषण और तकनीकी साक्ष्य संकलन करने में सक्षम होगी।

कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पुलिस और न्याय व्यवस्था को आधुनिक तकनीकों से मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ में क्षेत्रीय एफएसएल लैब की स्थापना और अब मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट की शुरुआत से अपराध जांच अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी होगी। हाल ही में शुरू हुई क्षेत्रीय न्यायिक विज्ञान प्रयोगशाला से रायगढ़, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों को भी लाभ मिल रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने इसे पुलिस आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए कहा कि जिले को हाल के महीनों में साइबर थाना, क्षेत्रीय एफएसएल लैब और डायल-112 के लिए 16 आधुनिक ईआरवी वाहन मिले हैं। अब मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट जुड़ने से घटनास्थल पर तत्काल वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन और जांच संभव होगी, जिससे अपराधियों के खिलाफ मजबूत अभियोजन तैयार करने में मदद मिलेगी।

उप संचालक एफएसएल एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. पी.एस. भगत ने बताया कि नए आपराधिक कानूनों के तहत गंभीर अपराधों और बड़ी दुर्घटनाओं में फॉरेंसिक टीम की तत्काल मौजूदगी आवश्यक हो गई है। ऐसे में यह मोबाइल यूनिट मौके पर पहुंचकर त्वरित वैज्ञानिक परीक्षण कर सकेगी। वैन में हाईटेक सीसीटीवी कैमरे, कंप्यूटर, सैंपल कलेक्शन लैब, फिंगरप्रिंट डेवलपमेंट किट, डीएनए सैंपल उपकरण, डिजिटल फॉरेंसिक टूल्स, जीएसआर जांच किट, दस्तावेजीकरण उपकरण और जीपीएस आधारित बॉडी वॉर्न कैमरा जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती तजेश्वरी देवी देवांगन, एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी, डीएसपी उन्नति ठाकुर सहित पुलिस, न्यायालय और प्रशासनिक विभाग के अधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post