Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। बिलासपुर पुलिस परिवार के सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पुलिस कॉलोनी निलयम तिफरा में सामुदायिक भवन निर्माण की शुरुआत कर दी गई है। गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह समय-समय पर निलयम कॉलोनी में निवासरत पुलिस परिवारों से मुलाकात करने पहुंचते रहे हैं। इस दौरान उन्होंने महसूस किया कि पुलिस परिवार के सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए कोई समुचित व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए उनके प्रयासों से जिला कलेक्टर के माध्यम से डीएमएफ एवं सीएसआर मद से सामुदायिक भवन की स्वीकृति कराई गई।
विधिवत प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद 22 मई 2026 को पुलिस कॉलोनी निलयम तिफरा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस भवन के निर्माण से पुलिस परिवारों को सामाजिक कार्यक्रम, पारिवारिक आयोजन तथा सामुदायिक गतिविधियों के लिए एक बेहतर स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में डीएसपी लाइन मंजूलता केरकेट्टा, एसडीओ पीडब्ल्यूडी आदित्य ग्रोवर, रक्षित निरीक्षक भूपेन्द्र गुप्ता, सब इंजीनियर कुंजाम सहित पुलिस परिवार के पदाधिकारी, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस परिवारों में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा सभी ने इस पहल के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

