वाहन चेकिंग पर वायरल वीडियो निकला भ्रामक: जांच में गर्भवती महिला की मौजूदगी का दावा गलत, युवकों ने मानी गलती

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वाहन चेकिंग संबंधी वीडियो को लेकर बिलासपुर पुलिस की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच प्रतिवेदन के अनुसार, यातायात पुलिस द्वारा की गई वाहन जांच कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया में प्रसारित वीडियो भ्रामक और तथ्यों से परे पाया गया। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि वाहन चेकिंग के दौरान कथित रूप से गर्भवती महिला के मौजूद होने का दावा पूरी तरह गलत था।

(युवकों  का बयान)

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की गई। जांच के दौरान चालान किए गए युवक देवा साहू और जलेश्वर साहू के साथ वाहन जांच करने वाले अधिकारी सहायक उप निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह नेताम तथा ड्यूटी में मौजूद पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए गए।

जांच में सामने आया कि 12 मई 2026 को यातायात पुलिस की टीम उस्लापुर (मंगला) बीट पेट्रोलिंग के दौरान सकरी ओवरब्रिज के पास मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान CG-10-CA-3161 नंबर की होंडा बाइक पर सवार दो युवकों — देवा साहू और जलेश्वर साहू — को बिना हेलमेट पाए जाने पर रोका गया।

प्रतिवेदन के अनुसार, मौके पर उनके साथ कोई गर्भवती महिला मौजूद नहीं थी। हेलमेट नहीं पहनने के कारण यातायात नियमों के तहत 500 रुपये का चालान काटा गया और विधिवत रसीद भी प्रदान की गई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वाहन जांच के दौरान देवा साहू ने गोपनीय रूप से एक छोटी वीडियो क्लिप रिकॉर्ड कर उसे कथित रूप से एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को भेजा था। बाद में इस वीडियो को अलग संदर्भ में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिससे पुलिस की कार्यवाही को लेकर भ्रम की स्थिति बनी।

जांच में दोनों युवकों ने अपने बयान में स्वीकार किया कि वाहन जांच के दौरान वे दोनों ही बाइक पर थे और उनके साथ कोई महिला नहीं थी। उन्होंने यह भी माना कि अज्ञानतावश वीडियो क्लिप साझा की गई, जिसे बाद में बिना तथ्य सत्यापन के सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।

बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन जांच के दौरान मानवीय संवेदनाओं का विशेष ध्यान रखा जाता है और महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों तथा दिव्यांगजनों के मामलों में संवेदनशील रवैया अपनाया जाता है।

सड़क दुर्घटनाओं में युवाओं की बढ़ती भागीदारी को देखते हुए पुलिस ने जागरूकता अभियान के तहत संबंधित युवकों को ISI मार्क हेलमेट भी उपलब्ध कराए, ताकि वे भविष्य में यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित वाहन चला सकें।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post