ऑपरेशन ‘आघात’ का बड़ा असर: रायगढ़ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई में 31 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त, 3 आरोपी गिरफ्तार

Social Activity BSP

रायगढ़ (Social Activity BSP)। 21 मई 2026 — रायगढ़ पुलिस द्वारा अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन “आघात” के तहत एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की गई है। जिले के भूपदेवपुर, पुसौर और लैलूंगा थाना क्षेत्रों में अलग-अलग जगहों पर की गई रेड कार्रवाई में पुलिस ने 31.155 लीटर अवैध शराब जब्त करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

रायगढ़ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चल रहे इस विशेष अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी रोक लगाना है। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी और अवैध बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

हाईवे किनारे पान ठेले पर बिक रही थी शराब, भूपदेवपुर में बड़ी रेड

थाना भूपदेवपुर क्षेत्र के ग्राम चारभांठा स्थित एनएच-49 किनारे पान ठेले में अवैध शराब बिक्री की शिकायत पर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने दबिश दी। थाना प्रभारी उप निरीक्षक संजय नाग और आबकारी उप निरीक्षक अंकित अग्रवाल के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में आरोपी दमोदर चौहान के घर और ठेले से 15.155 लीटर देशी और विदेशी शराब बरामद की गई।

जब्त शराब में हंटर बीयर, मेडुसा बीयर, गोवा स्पेशल व्हिस्की और यूनिक देशी मदिरा शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत 5,840 रुपये बताई गई है। आरोपी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया, जिसके बाद उसके खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया गया। वहीं, उसका एक साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुसौर में हाथ भट्ठी महुआ शराब बेचते आरोपी को दबोचा

इसी क्रम में थाना पुसौर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम तडोला चौक के पास रेड कार्रवाई कर नरेश भाष्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 6 लीटर हाथ भट्ठी कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 1,200 रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने शराब बिक्री के लिए रखने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

लैलूंगा में जंगल मार्ग पर घेराबंदी, 10 लीटर महुआ शराब बरामद

थाना लैलूंगा क्षेत्र में पुलिस ने ग्राम माड़ो जंगल पगडंडी मार्ग पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान शनिराम पैंकरा नामक आरोपी को संदिग्ध हालत में पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास रखे दो जरीकेन से 10 लीटर हाथ भट्ठी कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 1,500 रुपये बताई गई है। आरोपी शराब बिक्री के लिए ले जाना स्वीकार करने पर गिरफ्तार किया गया।

रायगढ़ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। जिले में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”



Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post