Social Activity BSP
अम्बिकापुर (Social Activity BSP)। — PM SHRI Kendriya Vidyalaya Ambikapur के मेधावी छात्र चिरागदीप सोनी ने CBSE कक्षा 12वीं परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 91 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। कठिन मेहनत, अनुशासन और नियमित अध्ययन के दम पर चिरागदीप ने न केवल विद्यालय में टॉप किया, बल्कि जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, परिजनों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
चिरागदीप की सफलता केवल अच्छे अंकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लगातार मेहनत और सही रणनीति का परिणाम है। उन्होंने बताया कि परीक्षा की तैयारी के दौरान वे रोज सुबह 5 बजे उठकर करीब दो घंटे पढ़ाई करते थे। स्कूल से लौटने के बाद भी 4 से 5 घंटे नियमित सेल्फ स्टडी को समय देते थे। उन्होंने अपनी पढ़ाई का मुख्य आधार NCERT की पुस्तकों को बनाया और हर सप्ताह तय समय के अनुसार रिवीजन करते रहे।
चिरागदीप ने कहा कि सफलता पाने के लिए उन्होंने पूरे साल सोशल मीडिया और मोबाइल से दूरी बनाए रखी, जिससे पढ़ाई में एकाग्रता बनी रही। उनका मानना है कि निरंतर अभ्यास और सही दिशा में मेहनत ही किसी भी लक्ष्य तक पहुंचने का सबसे मजबूत रास्ता है।
चिरागदीप के पिता रंजन सोनी, जो वरिष्ठ पत्रकार हैं, और माता आरती सोनी, जो शिक्षिका हैं, ने बेटे की इस उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि परिवार ने कभी चिरागदीप पर अधिक अंक लाने का दबाव नहीं डाला, बल्कि हमेशा मेहनत और अनुशासन पर ध्यान देने की सीख दी। परीक्षा के दौरान माता आरती सोनी ने उनके खान-पान, दिनचर्या और मानसिक संतुलन का विशेष ध्यान रखा, वहीं पिता ने हमेशा सकारात्मक माहौल देकर उनका हौसला बढ़ाया।
विद्यालय के प्राचार्य ने भी चिरागदीप की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि वह शुरू से ही अनुशासित, जिज्ञासु और मेहनती छात्र रहा है। कक्षा में हमेशा सवाल पूछना और अपने संदेह दूर करने की उसकी आदत ही उसकी सफलता का बड़ा कारण बनी। उन्होंने कहा कि चिरागदीप की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
चिरागदीप ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों, विशेष रूप से राजू गुप्ता और अपनी माता आरती सोनी को दिया है। फिलहाल वे JEE Advanced की तैयारी में जुटे हुए हैं। उनका सपना देश के प्रतिष्ठित IIT संस्थान से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर एक सफल इंजीनियर बनना और देश सेवा में योगदान देना है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

